
‘वक्त आने पर हमें आभास होता है कि हम क्या हासिल कर चुके। हमें उनका शुक्रिया करना चाहिए जिनसे हमारा जीवन प्रभावित होता है। बहुत कुछ पा लेते हैं इंसान इंसानों से। कई बार ऐसे लोगों से सामना हो जाता है जो पूरे जीवन को बदल देते हैं। ये वे होते हैं जिनपर भरोसा हम हद से ज्यादा कर लेते हैं। हम इंसानों में यह खासियत होती है कि जहां हमें किनारा दिखाई पड़ता है, हम उस ओर रुख कर देते हैं। जिनकी जिंदगी में दुख अधिक होता है, उन्हें सुख की तलाश रहती है। वे प्यार की मामूली छींट से खुद को पूरी तरह भिगो देते हैं।’ इतना कहकर काकी चुप हो गयी।
काकी ने मेरे बालों को सहलाया। उसके हाथ जर्जर जरुर हैं, लेकिन उसका स्पर्श पाकर अलग एहसास होता है। वृद्धों के हाथों में गर्माहट होती है जो हमें यह बताती है कि हमारा जीवन उनसे जुड़कर चलता है। उनकी नजदीकी को यदि हम समझें तो वास्तविकता का ज्ञान हो जाता है। जुड़ाव कभी कम नहीं होता। समय बीत जाता है, लगाव बढ़ता जाता है।
मैंने कुछ गंभीर होकर काकी से कहा,‘मैं उन लोगों को समझ नहीं पाता जो मुझसे लगाव रखते हैं। मुझे लगता है कि मैं उलझ गया हूं। मुझे अपनापन महसूस होता है। उनकी कमी खलती है जब वे हमें छोड़ कर चले जाते हैं।’
काकी थोड़ा मुस्कराई और बोली,‘हां, गम तो होता है दूसरों से बिछुड़ने का। हम भी कई मौकों पर नादान हो जाते हैं, और अंजाने में लगाव कर बैठते हैं। फिर मायूसी हमें घेरती है, हमारा पीछा करती है। हम उससे बचने की तमाम कोशिशें करते हैं। आखिरकार समय ही होता है जो मरहम का काम करता है।’
‘मुझे इतना पता है कि मैं खुद को खास समझती हूं। मेरे लिए वे भी खास हैं जो मुझे समझते हैं। तुम्हें नहीं लगता कि हमारी बहुत-सी चीजें उनसे जुड़ जाती हैं। एक की खासियत दूसरे को प्रभावित करती है।’
‘हम कई बार दूसरों से ज्यादा उम्मीद कर बैठते हैं। इसका कारण हमारा विश्वास होता है। और विश्वास उनपर किया जाता है जिन्हें हम उस लायक समझते हैं। कई बार ऐसा होता है कि हम विश्वास करना छोड़ देते हैं क्योंकि हम धोखा खा चुके होते हैं। धोखा उस तल में इंसान को छोड़ देता है जहां अक्सर छटपटाहट के पल उसे घेर लेते हैं। भरोसा करो, मगर ध्यान से।’
जीवन की परतों को काकी बड़ी चतुराई से हटाती है। ‘उसे इसमें महारथ हासिल है’- यह कहना अतिश्योक्ति नहीं। अनुभव इंसान को असली जीवन-दर्शन कराता है। मैं कितना छोटा, काकी कितनी बुजुर्ग। उम्र का फासला कितना ही क्यों न हो, बात विचारों के मेल से बनती है।
-harminder singh
जीवन की परतों को काकी बड़ी चतुराई से हटाती है। ‘उसे इसमें महारथ हासिल है’- यह कहना अतिश्योक्ति नहीं। अनुभव इंसान को असली जीवन-दर्शन कराता है।
ReplyDeleteसही है !!